उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भी कंपनी कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन का मामला सामने आया है। बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित टैग ट्रॉपिकल एग्रोसिस्टम (इंडिया) कंपनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़ी संख्या में मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर कंपनी गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। श्रमिकों ने मानदेय बढ़ाने, पीएफ-ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और ठेकेदारों की ओर से किए जा रहे कथित शोषण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नोएडा के फेज दो थाना क्षेत्र में कंपनी कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद बुलंदशहर में भी विवाद भड़क गया। नोएडा में प्रशासन की टीम की सारी तैयारियां कर्मचारियों के आक्रोश के आगे धरी रह गई। रविवार को प्रशासन और श्रम विभाग की ओर से नोएडा में स्थिति को नियंत्रित करने की रणनीति बनी थी। उसका प्रभाव नहीं दिखा। वहीं, बुलंदशहर में भी कर्मचारियों ने शोषण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया है।

