रजपुरा। विकास खंड रजपुरा की ग्राम पंचायत मलिकपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्य का सफलतापूर्वक समापन हो गया। योजना के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ग्राम में जल अर्पण दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में राजपुरा ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि गिरेश यादव के नेतृत्व में जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता श्री चंद्रहास, सहायक अभियंता चर्चित चौधरी, जूनियर इंजीनियर रविंद्र सिंह, कार्यदायी संस्था PNC SPML JV मुरादाबाद के परियोजना प्रबंधक अभिषेक सिंह, ग्राम प्रधान, ग्रामवासी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम पंचायत के सभी घरों में घरेलू जल कनेक्शन प्रदान कर दिए गए हैं और वर्तमान में ग्राम पंचायत में 100 प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यह पानी की टंकी शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई है, जिसकी देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी सभी ग्रामवासियों की है। साथ ही उन्होंने कहा कि भोजन एवं पेय के लिए केवल टंकी के पानी का ही उपयोग करें, जिससे जलजनित बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
दौरे के दौरान सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता द्वारा ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि को पानी की टंकी के संचालन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों को भी शुद्ध पेयजल, जल संरक्षण तथा अशुद्ध पानी से होने वाली बीमारियों के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही एक जन-जागरूकता रैली/प्रभात फेरी भी निकाली गई।
मलिकपुर में जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण, जल अर्पण दिवस समारोह आयोजित
Leave a Comment

