हनुमानगढ़ी निवासी मुनीष शर्मा पर की गई जिला बदर की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को ब्राह्मण समाज का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। ब्राह्मण शक्ति संघ और अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मुनीष शर्मा के विरुद्ध की गई कार्रवाई एकतरफा एवं अन्यायपूर्ण है। उनका कहना था कि बिना निष्पक्ष जांच के कठोर कार्रवाई कर प्रशासन ने समाज की भावनाओं को आहत किया है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिला बदर की कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर लखनऊ तक कूच किया जाएगा।
बताया गया कि असमोली क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद सोशल मीडिया पर कथित जातिगत टिप्पणी का मामला सामने आया था। इस मामले में मुनीष शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चालान किया था। बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई, लेकिन पुलिस ने पुराने मुकदमों का हवाला देते हुए उनके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 14 जून को जनपद से जिला बदर कर दिया।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद भी नहीं बनी सहमति
प्रदर्शन के दौरान राज्यमंत्री गुलाब देवी ने मौके से ही पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता कर मामले में राहत देने का अनुरोध किया। हालांकि प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया। नाराज लोग मंत्री आवास के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए और लगातार नारेबाजी करते रहे।
एसपी से मिलने बहजोई रवाना हुआ प्रतिनिधिमंडल
प्रदर्शन के बाद ब्राह्मण समाज का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से वार्ता करने के लिए बहजोई रवाना हो गया। प्रदर्शन में माधव मिश्रा, बनवारी लाल पाठक, के.जी. शर्मा, राजेंद्र शर्मा, विवेक मिश्रा, कृष्ण गोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य बिंदु
* मुनीष शर्मा की जिला बदर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन
* मंत्री गुलाब देवी के आवास का घेराव
* पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
* कार्रवाई वापस न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
* प्रदर्शन के बाद एसपी से मिलने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
* प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

