दिल्ली से सटे खोड़ा में बकरीद के दिन किशोर सूर्या चौहान की असद ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। रविवार तड़के गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी असद को एनकाउंटर में मार दिया। असद के एनकाउंटर पर सपा प्रवक्ता ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिला, अच्छी बात है, लेकिन अगर इसकी जांच हो तो सच्चाई पता चलेगी।
सपा प्रवक्ता अमीक जामेई ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि असद का एनकाउंटर हुआ और सूर्या के परिवार को न्याय मिला, लेकिन अगर जांच की जाए तो पता चलेगा कि गाजियाबाद में नाबालिग असद और सूर्या दोस्त थे और एक ही गली में रहते थे। सूर्या, असद की बहन से दोस्ती रखता था, जो असद को पसंद नहीं था और इसी वजह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद असद का परिवार अपना मोहल्ला बदल कर रहने लगा, लेकिन दोस्ती नहीं टूटी। यही मुद्दा सूर्या की जान के लिए खतरा बन गया।

