“फूल हाथ में, कदमों में तेजी… राज्यपाल के स्वागत को दौड़े एसएसपी अविनाश पांडे”
राज्यपाल की गाड़ी प्रशासनिक भवन पहुंची तो फूल लेकर दौड़े एसएसपी अविनाश पांडे, पीछे-पीछे डीएम भी पहुंचे
मेरठ। खेल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के स्वागत का एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। राज्यपाल के कार्यक्रम के अनुसार उन्हें पहले हेल्थ सेंटर जाना था, जिसके चलते अधिकारी वहीं उनकी अगवानी की तैयारी में खड़े थे। हालांकि, राज्यपाल का काफिला सीधे प्रशासनिक भवन पहुंच गया।
जैसे ही राज्यपाल की गाड़ी प्रशासनिक भवन के सामने रुकी, फूलों का गुलदस्ता लिए एसएसपी अविनाश पांडे तुरंत उनकी अगवानी के लिए दौड़ पड़े। उनके पीछे-पीछे जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह भी प्रशासनिक भवन की ओर तेजी से पहुंचे। कुछ ही क्षणों में दोनों अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। अधिकारियों की तत्परता और प्रोटोकॉल के प्रति सजगता ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

