अपने इकलौते विधायक के अंतिम दर्शन कर मायावती भावुकः बोलीं- उमाशंकर सिंह ने कभी धोखा नहीं दिया, बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाऊंगी…
👉 यूपी में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह दिल्ली से लखनऊ लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वह भावुक नजर आईं। उन्होंने विधायक के बेटे को ढांढस बंधाते हुए कहा, “बसपा परिवार आपके साथ है।”
👉 मायावती ने कहा- उमाशंकर सिंह मुझे अपनी सगी बहन की तरह मानते थे। रक्षाबंधन पर मैं लखनऊ में रहूं या दिल्ली में, वह हर साल मुझसे राखी बंधवाने आते थे। राजनीति में कई लोगों ने साथ छोड़ा, लेकिन उमाशंकर सिंह ने कभी धोखा नहीं दिया। उनका यह अपनापन मैं कभी नहीं भूल सकती। अगर परिवार की इच्छा होगी तो उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दूंगी। उन्हें वही सम्मान और महत्व दिलाने का प्रयास करूंगी, जो उमाशंकर सिंह को पार्टी में मिला था।
👉 सीएम योगी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक के बेटे ने सीएम के पैर छुए। सीएम ने बेटे को ढांढस बंधाया। योगी के साथ मंत्री सुरेश खन्ना और स्वतंत्र देव सिंह भी पहुंचे थे। मंत्री दयाशंकर सिंह, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और बाहुबली धनंजय सिंह भी विधायक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

