कोमल पंवार को मोदीनगर का एसडीएम बनाया गया है। वे इससे पहले भी मोदीनगर तहसील में नायब तहसीलदार के रूप में काम कर चुकी हैं। सरकारी स्कूल में पढ़ीं कोमल पंवार की शिक्षक, नायब तहसलीदार और फिर यूपी प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बनने की कहानी प्रेरक है।
कोमल पंवार ने बुधवार को मोदीनगर तहसील के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) का चार्ज ले लिया। उन्होंने कहा कि, जमीनों को कब्जामुक्त कराना उनकी प्राथमिकता होगी। कोमल पंवार का मोदीनगर से पुराना जुड़ाव रहा है। वे सन 2020 में मोदीनगर तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर भी काम कर चुकी हैं। वे यहां की स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था और क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। यहां के प्रशासन में उन्हें इस अनुभव का लाभ मिलेगा। कोमल पंवार मूल रूप से बागपत जिले के सुनहेड़ा गांव की निवासी हैं। वे एक किसान परिवार से हैं, हालांकि उनके पिता नरेंद्र सिंह पंवार दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। उनकी मां सुमन पंवार गृहिणी हैं। कोमल पंवार ने दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और फिर उच्च शिक्षा भी दिल्ली में ही ली।

