पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने छात्राओं से किया संवाद
शाहजहाँपुर। पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में महिला सुरक्षा, स्वावलंबन एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता को समर्पित “महिला एवं छात्रा संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर, शाहजहाँपुर की केंद्र व्यवस्थापक श्रीमती नमिता तथा महिला कल्याण विभाग की प्रमुख कार्यकर्ता अमृता दीक्षित की भी उपस्थिति रही। प्रधानाचार्या सोनिया गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। तत्पश्चात प्रधानाचार्या सोनिया गुप्ता ने मुख्य अतिथि चारू चौधरी, विशिष्ट अतिथि शिल्पी गुप्ता, नमिता एवं अमृता दीक्षित का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिक्षिका नेहा मिश्रा के संचालन में चले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने छात्राओं तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से आई महिला प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। छात्राओं ने महिला अधिकारों, साइबर सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन, आत्मरक्षा, उच्च शिक्षा, करियर निर्माण तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक प्रश्न पूछे।
उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी समृद्ध राष्ट्र का निर्माण होगा।उन्होंने छात्राओं को शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बनाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, खेल एवं कौशल विकास में सक्रिय सहभागिता करने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि शिल्पी गुप्ता ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
प्रधानाचार्या सोनिया गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि एवं समस्त विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप पौधे भेंट कर आभार व्यक्त किया।
आयोजन में मुख्य रूप से शिक्षिकाओं विमला वर्मा, आस्था वर्मा, आशा दीक्षित, प्रभा साहू, शशि सुमन, प्रीति छाबड़ा, पारुल गुप्ता, अदिति जैन, तूबा खानम, पिंकी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

