सम्भल (बहजोई), 21 जून 2026: जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई द्वारा आज आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से बहजोई स्थित हीरा देवी तोताराम कन्या इण्टर कॉलेज परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्र पर की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों एवं केन्द्र व्यवस्थापक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन तथा परीक्षा संचालन संस्था द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि जनपद सम्भल में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के लिए कुल 04 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल

