दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए घर पहुंचे पुलिसकर्मी के रिश्वत मांगने का एक वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक से वैरिफिकेशन के नाम पर दो से चार हजार रुपये की मांग करते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि युवक पेशे से सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और आईबीएम कंपनी में कार्यरत है। वीडियो इंदिरापुरम का बताया जा रहा है। एनबीटी ऑनलाइन इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि घर के ड्राइंग रूम में बैठे पुलिसकर्मी ने कागजात चेक करने के बाद युवक से कहा कि लाओ हिसाब-किताब करो। युवक पूछता है कितने तो पुलिसकर्मी कह रहा है कि दो-चार हजार रुपये दे दो। इस पर युवक हैरान रह जाता है और पूछता है कि यह किस चीज का पैसा मांगा जा रहा है। फिर वीडियो में पुलिसकर्मी रिश्वत मांगते हुए कह रहा है कि जो होता है दे दो, यह थाने में देना पड़ता है।

