त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस की रहेगी चाक चौबंद व्यवस्था… पुलिस अधीक्षक
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी… पुलिस अधीक्षक
त्योहारों पर कोई नयी परम्परा न डाली जाए… जिलाधिकारी
सम्भल ( बहजोई) 28 फरवरी 2026: आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डाॅ.राजेन्द्र पैंसिया एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में आगामी त्योहारों, रंग एकादशी, होलिका दहन, होली, रमजान, आदि को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप वर्मा ने पीस कमेटी के सदस्यों से होलिका दहन स्थलों को लेकर कोई विवाद,अतिक्रमण तथा रास्ता खराब, ढीले एवं नीचे तथा जर्जर तार तो नहीं है उसके विषय में जानकारी प्राप्त की। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि होलिका दहन स्थल पर लेखपाल एवं ग्राम सचिव जाकर निरीक्षण कर लें कहीं कोई व्यवधान तो नहीं है। होली के पर्व पर अवैध शराब की बिक्री ना हो यह सुनिश्चित किया जाए तथा अगर कहीं अवैध शराब की शिकायत प्राप्त हो तो उसकी तत्काल सूचना जिला आबकारी अधिकारी या संबंधित थाने को दें। होलिका दहन स्थल के पास साफ़ सफाई सुनिश्चित की जाए। पेयजल एवं विद्युत की सुचारू व्यवस्था को लेकर भी निर्देशित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एम्बुलेंस तथा दवाईयों की पर्याप्त व्यवस्था के लिए निर्देशित किया तथा चिकित्सक भी त्योहारों पर अपने तैनाती स्थल पर रहें यह भी सुनिश्चित किया जाए। अपर जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में निर्वाध रूप से पेयजल आपूर्ति हो अगर कोई हैंड पंप रिबोर होना है तो उसको रिबोर करा लें। डीजे का प्रयोग निर्धारित मानक के अनुसार हो। निर्धारित रुट पर ही होली का जुलूस निकाला जाए।जो परम्परा में नहीं हो उस जुलूस को ना निकाला जाए। होली जुलूस को आयोजक लीड करें, जुलूस को निर्धारित मार्ग से लेकर जाएं तथा वॉलंटियर भी रहें, जुलूस में आयोजक आगे रहें।
पीस कमेटी के सदस्यों से समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त किये गये। बदायूं चुंगी चंदौसी के पास बस के खड़े होने तथा त्योहारों पर बैंक एवं एटीएम में पैसे की कमी, सिरसी के मोहल्ला चौधरियान में होलिका दहन स्थल के पास विद्युत तार का नीचे होने तथा सम्भल में पुरानी तहसील के पास सड़क में गडढे होने जैसी समस्याएं रखीं जिसको लेकर जिलाधिकारी ने समस्याओं के निस्तारण को लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
धर्मगुरु मुफ्ती अलाउद्दीन काजी ए शहर ने कहा कि अमन और शांति से त्योहार मनाये जाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। कमल कांत तिवारी ने कहा कि त्योहार खुशियों का पैगाम लेकर आते हैं। उन्होंने होली एवं रमजान तथा ईद को लेकर शुभकामनाएँ दीं। संजय पोली ने कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली एवं ईद का त्यौहार मनाया जाए। धर्मगुरु जहिरुल इस्लाम एवं तंजीम अशरफ द्वारा भी संबोधित किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी , किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए अगर कोई अफवाह फैलाता पाया गया उस पर कड़ी कार्यवाही संज्ञान में लायी जाएगी। त्योहारों पर कोई भी नयी परम्परा न डाली जाए। पुलिस की चाकचौबंद व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 64 जुलूस एवं शोभायात्रा निकाली जाएंगी जनपद में 1215 होलिका दहन स्थल हैं तथा 17 मेले लगेंगे,पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था है। पुलिस अधीक्षक द्वारा मेला स्थलों के भ्रमण से संबंधित थानाध्यक्षों से जानकारी प्राप्त की। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रहेगी तथा कोई भी भ्रामक पोस्ट दिखे तो उसकी तत्काल सूचना दी जाए। अगर कोई भ्रामक पोस्ट करता है तो उस पर कड़ी कार्यवाही संज्ञान में लायी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी गण मौके पर जाकर व्यवस्थाओं को देख लें अगर कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो उसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारी को दें। त्योहारों पर कोई नयी परम्परा न डाली जाए । सौहार्द का संदेश दें। रात्रि 10 बजे के बाद शोरगुल ना हो डीजे मानक के अनुसार बजें। जनपद में कोई अवैध शराब न बिके उस पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि होली पर्व के बाद साफ़ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ तरुण पाठक, उप जिलाधिकारी सम्भल रामानुज,उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार,डिप्टी कलक्टर विकास चन्द,क्षेत्राधिकारी चंदौसी दीपक तिवारी, क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ प्रदीप कुमार सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य अखिल भारतीय युवा व्यापार मण्डल के अध्यक्ष सागर गुप्ता, एवं अखिल भारतीय युवा व्यापार मण्डल के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी एवं सम्भ्रान्त नागरिक आदि उपस्थित रहे।

