SOG टीम पर कार्रवाई की मांग, पत्रकारों ने कई घंटे तक किया प्रदर्शन
संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। जिले में पत्रकारों और पुलिस के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि SOG टीम ने बुधवार शाम चिनौर रोड पर बाइक से जा रहे टीवी चैनल के पत्रकार प्रभाकर मिश्रा और विशेक मिश्रा को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के काफिले को काले झंडे दिखाने से जुड़ा वीडियो वायरल करने के आरोप में हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी देर तक सार्वजनिक न होने और पुलिस अधिकारियों द्वारा स्पष्ट जानकारी न दिए जाने पर पत्रकारों में नाराजगी फैल गई। गुरुवार को बड़ी संख्या में पत्रकार पुलिस लाइन स्थित SOG के पूछताछ कक्ष पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। विरोध बढ़ने तथा पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर दोनों पत्रकारों को छोड़ दिया गया।
इस बीच पत्रकारों ने आरोप लगाया कि एसपी से जानकारी लेने पर उनके द्वारा पत्रकारों के प्रति अनुचित भाषा का प्रयोग किया गया। इससे पत्रकार संगठनों का आक्रोश और बढ़ गया।
गुरुवार को विभिन्न पत्रकार संगठनों ने प्रेस क्लब में बैठक कर विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया। इसके बाद पत्रकार नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और विकास भवन स्थित बैठक कक्ष में प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने मांग की कि जब तक पुलिस अधीक्षक स्वयं आकर बातचीत नहीं करेंगे, तब तक वे वहां से नहीं जाएंगे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित पत्रकारों से वार्ता के लिए पहुंचे। कलेक्ट्रेट में कई घंटे चली बातचीत के बाद पत्रकारों ने SOG प्रभारी और संबंधित टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वार्ता के बाद एसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि पत्रकारों और पुलिस के बीच समन्वय की कमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी।

