राजस्थान का गौरवशाली ‘दौसा जिला’ आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहा है। 10 अप्रैल 1991 को अस्तित्व में आए इस जिले के स्थापना दिवस को इस बार बेहद खास और रोमांचक अंदाज में मनाया जा रहा है। उत्सव का आलम यह है कि कहीं रस्साकशी का जोर दिख रहा है, तो कहीं फुटबॉल के मैदान में गोल दागने की तैयारी। इस पूरे जश्न के केंद्र में रहीं जिला कलेक्टर सौम्या झा, जिन्होंने अपनी सक्रियता से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर भवानी क्लब मैदान में जब मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का आगाज हुआ, तो नजारा देखने लायक था। खेल के प्रति अपने प्रेम को जाहिर करते हुए जिला कलेक्टर सौम्या झा ने न केवल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, बल्कि खुद मैदान में उतरकर फुटबॉल को एक जोरदार किक लगाई। कलेक्टर के इस अंदाज ने खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त जोश भर दिया। उन्होंने संदेश दिया कि खेल हमें टीम भावना और ऊर्जा से भर देते हैं।

