राजस्थान के टोंक में जिला कलेक्टर टीना डाबी के लिए नेताओं की तरह नारे लगे। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया की सुर्खियों में है। दरअसल, टोंक कलेक्ट्रेट पर पहुंचे कायम नगर के लोगों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान समस्याओं को लेकर टीना डाबी ने जो सकारात्मक रुख दिखाया, उससे ग्रामीण खुश गए और उन्होंने जिला कलेक्टर ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
दरअसल, यह मामला 6 अगस्त का है, जब टोंक जिले के तुर्किया पंचायत के कायम नगर गांव के ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों को लेकर टोंक कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस बीच कलेक्ट्रेट परिसर में ग्रामीणों की मांगों को लेकर कलेक्टर टीना डाबी प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात करने आई। यहां उन्होंने ग्रामीणों को उनके मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया। अपनी मांगों के संबंध में कलेक्टर के आश्वासन पर ग्रामीण खुश हो गए और उन्होंने कलेक्टर मैडम के नारे लगा दिए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है।
कायम नगर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रास्ते का विवाद करीब 20 सालों से लंबित है। इसके कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सरकारी स्कूल का भवन एक साल से क्षतिग्रस्त है, लेकिन वह अब तक ठीक नहीं हो पाया है। इसी तरह ग्रामीणों ने कायम नगर को तुर्किया पंचायत में ही यथावत रखने की मांग उठाई। जिस पर कलेक्टर टीना डाबी ने ग्रामीणों को सकारात्मक आश्वासन दिया।

