मा. मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उ. प्र./जनपद के प्रभारी मंत्री श्री अनिल कुमार द्वारा मुरादाबाद शहर स्थित सर्किट हाउस के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित अधिकारी के गैरहाजिर रहने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई तथा जिलाधिकारी श्री अनुज सिंह को निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करें।
परिवहन विभाग द्वारा सीट बेल्ट एवं हेलमेट के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित कराने के संबंध में की गई कार्रवाई के बारे में प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए की यातायात नियमों का गंभीरता पूर्वक पालन कराया जाए, इसके लिए चेकिंग अभियान सहित अन्य जरूरी कदम उठाए जाएं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा आम जनता का फोन रिसीव न किए जाने की शिकायतों पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि फोन रिसीव न करने की शिकायतें न आएं। विभाग द्वारा आम जनता की सुविधा के दृष्टिकोण से ही अधिकारियों को सीयूजी नम्बर उपलब्ध कराए जाते हैं।
जीएसटी के निर्धारित मानकों का गंभीरता पूर्वक पालन करने के संबंध में भी प्रभारी मंत्री ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित तौर पर चेकिंग अभियान जारी रखा जाए ताकि जीएसटी चोरी को सख्ती से रोका जा सके और सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी हो।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के संबंध में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राधिकरण के नियमों के अनुसार ही प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए, अनावश्यक रूप से किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना मा. मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है इसमें पात्रता का गंभीरता पूर्वक पालन करते हुए लाभार्थी को योजना से आच्छादित किया जाए ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप गरीब परिवारों की बेटियों का पूरे सम्मानपूर्वक और विधिवत् वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हो।
श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं के संबंध में प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रचार होना चाहिए। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जगह-जगह कैंप आयोजित कराएं और लोगों को योजना का लाभ प्राप्त करने के तरीके एवं पात्रता आदि के बारे में जानकारी दें।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत बैंक स्तर से ऋण स्वीकृत न किए जाने के मामले में प्रभारी मंत्री ने एलडीएम को निर्देश दिए की बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में बैंक स्तर से लापरवाही नहीं होनी चाहिए इसके लिए एलडीएम उद्योग विभाग और बैंकों में समन्वय स्थापित कराते हुए इस योजना को तेजी से आगे बढ़ाएं।
मुरादाबाद शहर विधायक श्री रितेश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा जीआईएस के उपरांत निर्धारित हाउस टैक्स और वाटर टैक्स की दरें निर्धारित की गई है परंतु टैक्स वसूली के दौरान अनियमितता की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं जिन पर गंभीरता बरतने की जरूरत है।
प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत जिन बच्चों का एडमिशन हुआ है उन बच्चों की विद्यालय में उपस्थित और शिक्षण कार्य का भौतिक सत्यापन करके फोटो सहित स्पष्ट रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
उन्होंने जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति को लेकर भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराएं साथ ही गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर मा. विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह, मा. एमएलसी श्री जयपाल सिंह व्यस्त, मा. एमएलसी श्री गोपाल अंजान मा. महापौर श्री विनोद अग्रवाल, मा. महानगर अध्यक्ष श्री गिरीश भांडुला, मा. जिला अध्यक्ष श्री आकाश पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा, जीएसटी और सरकारी योजनाओं पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए
Leave a Comment

