बहुचर्चित बीमा घोटाले के अभियुक्तों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की की कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार दोपहर बहजोई नगर के मोहल्ला शिवपुरी में ढोल-बाजे के साथ सार्वजनिक मुनादी कर आरोपी सचिन शर्मा उर्फ मोनू की दो अचल संपत्तियों को राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क कर लिया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार रविन्द्र विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। मौके पर कोतवाल बहजोई संत कुमार, थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। मुनादी शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कुर्क की गई संपत्तियों में मोहल्ला शिवपुरी स्थित 132.19 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की दो मंजिला कोठी तथा 189.23 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का एक मंजिला आवास शामिल है। दोनों संपत्तियों को विधिवत कुर्क कर रिसीवर तहसीलदार के सुपुर्द कर दिया गया है, जिन्हें अब राज्य सरकार के पक्ष में जब्त माना जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बीमा माफिया गिरोह भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्जी बीमा पॉलिसियां कराकर बीमा कंपनियों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करता था। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने बीमा कंपनियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया है। इस मामले में थाना रजपुरा में गिरोह के सरगना ओंकारेश्वर मिश्रा उर्फ करन निवासी वाराणसी सहित कुल 26 अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को ही वाराणसी स्थित ओंकारेश्वर मिश्रा की अचल संपत्ति को भी कुर्क किया गया। यह कार्रवाई 7 जनवरी को जिलाधिकारी के आदेश पर अमल में लाई गई। थाना रजपुरा में दर्ज मु0सं0 237/25 के तहत अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। अब तक इस प्रकरण में 68 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है पुलिस-प्रशासन ने अभियुक्तों की शेष चल-अचल संपत्तियों की भी जांच जारी रखने और आगे भी कुर्की की कार्रवाई जारी रहने की बात कही है।

