बस्ती में दरोगा की शादी के दिन एक प्रॉपर्टी डीलर फिल्मी अंदाज में पहुंचा और उसकी होने वाली दुल्हन के साथ 7 फेरे लिए। दरअसल, जिस युवती से दरोगा की शादी तय हुई थी, उसका पिछले 5 साल से प्रॉपर्टी डीलर के साथ प्रेम संबंध था।
परिवार वालों ने उसकी शादी दरोगा से तय कर दी। सोमवार को दरोगा बारात ले जाने की तैयारी कर रहा था। दुल्हन पक्ष ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। मैरिज हॉल सज चुका था।
इसी बीच, प्रेमी को दूल्हे का पता मिल गया। वह दरोगा के घर पहुंच गया। वहां उसने दुल्हन के साथ अपने अफेयर के बारे में दरोगा के पिता को बताया। धमकाया कि बारात लेकर मत जाना।
पूरी बात जानने के बाद दरोगा के परिवार ने शादी तोड़ दी। इसके बाद प्रेमी ने युवती के परिजन से बात की, उन्हें शादी के लिए राजी किया और फिर उसी मंडप में प्रेमिका के साथ शादी कर ली।
दरोगा के पिता ने कहा- सही समय पर उन्हें लड़की के अफेयर के बारे में पता चल गया, वरना उनका बेटा मुश्किल में पड़ सकता था। पूरा मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र का है।
दुबौलिया थानाक्षेत्र के रहने वाले जॉन मेजर यूपी पुलिस में दरोगा हैं। उनकी पोस्टिंग लखनऊ में है। पिता धर्मराज चौधरी उत्तराखंड में राजकीय इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल हैं। 20 अप्रैल को जॉन मेजर की शादी बस्ती कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से होने वाली थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियां कर चुके थे। रिश्तेदारों में कार्ड भी बंट चुके थे। मेहमान घर आ चुके थे। लड़के के घर बारात निकलने के पहले होने वाली रस्में चल रही थीं।
सोमवार को बारात निकलने के कुछ घंटे पहले मेंहदावल थानाक्षेत्र के बड़ी पट्टी का सर्वेश सिंह, दरोगा के घर सुबह करीब 11.30 बजे पहुंचा। प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले सर्वेश ने दरोगा जॉन मेजर के घरवालों को उनकी होने वाली बहू से अपने अफेयर की बात बताई। कहा कि पांच साल से दोनों का अफेयर चल रहा है। धमकाया कि अगर वे लोग बारात लेकर पहुंचे तो युवती से अपने रिश्ते की बात सबको बताएगा।
दरोगा के प्रिंसिपल पिता ने प्रेमी युवक की बात सुनने के बाद लड़की के घर फोन किया। उन्होंने उसके घरवालों से पूरी बात की। कहा कि बारात लेकर नहीं आएंगे। उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।

