जहांगीराबाद पालिका सभागार में बोर्ड बैठक आयोजित, विकास कार्यों समेत कई अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा !!
जहांगीराबाद। नगर पालिका परिषद जहांगीराबाद की बोर्ड बैठक गुरुवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक पालिका अध्यक्ष किशन पाल सिंह लोधी की अध्यक्षता में हुई। अधिशासी अधिकारी द्वारा जारी एजेंडा सूचना के अनुसार बैठक में नगर विकास, वित्तीय स्वीकृतियों, सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के एजेंडे में जून 2026 तक के आय-व्यय का अनुमोदन, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नई दरों पर भुगतान, नगर में एलईडी डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कराने का प्रस्ताव तथा डूंगरा जाट के निकट कच्चे नाले की दीवार टूटने से खेतों में हो रहे जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा शामिल है।
इसके अलावा शुक्रवार पैठ की एनओसी जारी करने, राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों की स्वीकृति तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत विकास कार्य कराए जाने के लिए डीपीआर शासन को उपलब्ध कराने के प्रस्ताव भी रखे गए।
बैठक में नगर की जल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक अनुरक्षण सामग्री एवं उपकरणों की खरीद, मरम्मत कार्य तथा कार्यालय उपयोग के लिए आवश्यक सामग्री और उपकरणों की खरीद संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। सभासदपति आदेश शर्मा, अंजलि सिसौदिया आदि ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर गड्ढा भरने का विषय मीटिंग में रखा।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी का कहना है कि बोर्ड बैठक में सभी निर्वाचित व नामित सभासदों की उपस्थिति में जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए। जिससे नगर के विकास कार्यों को गति मिल सके और नागरिक सुविधाओं में सुधार हो।

