कासगंज में नहर में गिरे कार सवारों की जान बचाने वाले 8 ग्रामीण युवकों और 3 पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सम्मानित किया है। गुरुवार को एसपी कार्यालय में उन्हें प्रशस्ति पत्र दिए गए। यह सम्मान 24 जनवरी को गोरहा नहर में हुए हादसे के दौरान दिखाई गई बहादुरी के लिए दिया गया।
घटना 24 जनवरी की है, जब दो लोग ऑल्टो कार में सवार होकर जा रहे थे। कासगंज जनपद की गोरहा नहर के पास कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। कार में दिल्ली के अजय कुमार और बदायूं के सोनू सवार थे, जो नहर में डूबने लगे।
स्थानीय 8 ग्रामीणों ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी। पुलिस की मदद से उन्होंने महज 12 मिनट में कार का शीशा तोड़कर दोनों कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एक ट्रैक्टर की मदद से नहर में डूबी कार को भी बाहर निकाला गया।
सम्मानित होने वालों में चाड़ी पुलिस चौकी के इंचार्ज कुंवरपाल सिंह, दरोगा सुघड़ सिंह और चौकी के दीवान रूपपाल शामिल हैं। ग्रामीणों में अवधेश (पुत्र बांकेलाल), सुधीर (पुत्र देवेंद्र सिंह), अंकित यादव (पुत्र शिशुपाल सिंह), विकेश यादव (पुत्र लतेश यादव), अरवीश यादव (पुत्र राकेश कुमार), राजीव यादव (पुत्र यादराम सिंह), गविंदर (पुत्र रमेश) और विकास (पुत्र श्याम सिंह) के नाम हैं।
सुधीर कुमार और अरवीश कुमार ने बताया कि उन्होंने दो लोगों की जान बचाई थी, जिसके लिए एसपी ने उन्हें सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पाकर वे प्रसन्न हैं और लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।

