दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक के साथ कुछ छात्र पिछले 20 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें से कई छात्र 12 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूख हड़ताल कर रहे इन छात्रों का सामान भीग गया है और उनकी परेशानी बढ़ गई है।
दीपके का आरोप है कि दिल्ली पुलिस उन्हें प्रदर्शन स्थल पर बारिश से बचने के लिए तिरपाल (टेंट) लगाने की अनुमति नहीं दे रही है। वे पिछले तीन दिनों से पुलिस से टेंट की मंजूरी मांग रहे हैं। गुरुवार को जब दीपके पुलिस से इजाजत मांग रहे थे, तब उन्होंने एक पुलिस अधिकारी के सामने हाथ जोड़े, घुटनों के बल बैठ गए और अपना सिर अधिकारी के जूतों पर रख दिया।
अभिजीत दीपके ने इस पूरी घटना का 18 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में वे पुलिस से अनशनकारी छात्रों को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल लगाने देने की बार-बार विनती करते हुए नजर आ रहे हैं।

