नई सरकार के शपथ ग्रहण के बीच राजद अध्यक्ष लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। एक सरकारी विज्ञापन का पोस्टर साझा करते हुए रोहिणी ने दावा किया कि इस्तीफे के मात्र 24 घंटे के भीतर ही नीतीश कुमार को सरकारी पोस्टरों और विज्ञापनों से पूरी तरह हटा दिया गया है।
रोहिणी ने इसे नीतीश कुमार की ‘घोर बेइज्जती’ बताया है। उन्होंने नीतीश की वर्तमान स्थिति को समझाते हुए ‘दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम’ वाली कहावत का जिक्र किया और कहा कि नई व्यवस्था में उन्हें हाशिए पर धकेल दिया गया है। इसके साथ ही रोहिणी ने भाजपा पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा को 46 साल में भी अपने दम पर कोई मुख्यमंत्री चेहरा नहीं मिला, बल्कि उन्हें इस पद के लिए एक ‘घुमंतू’ नेता को चुनना पड़ा है।

