राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में हनुमानजी के वेश में कलाकार के डांस पर बीजेपी लगातार घिरती जा रही है। विपक्षी दलों के बाद अब बीजेपी के ही आनुसंगिक संगठन विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अंबरीश ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने ऐसा करने वालों की पहचान कर सजा देने की मांग की है।
अंबरीश ने कहा कि बीजेपी को भविष्य में ऐसे आयोजन की योजना से तथाकथित इवेंट मैनेजरों को दूर रखना चाहिए। आप से हिंदू समाज को बहुत अपेक्षा है, इसलिए आपका दायित्व भी बढ़ जाता है। नितिन नवीन दो दिन के दौरे पर लखनऊ आए थे। पहले दिन एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यालय तक रोड शो किया था। तभी एक जगह उनके स्वागत में हनुमानजी के वेश में एक कलाकार बीजेपी का झंडा लेकर नाचते नजर आया था। वह रथ के आगे सड़क पर नाच रहा था। वीडियो वायरल होते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह सहित कई विपक्षी नेताओं ने बीजेपी को निशाने पर लिया था और इसे हिंदू धर्म का अपमान बताया था।

