उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। लेकिन अभी से ही प्रदेश की शियासत गर्म है। सुभासपा सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर ने अपने फेसबुक पेज पर मजाकिया अंदाज में भोजपुरी में तंज कसते हुए सपा सुप्रीमो पर हमला बोला है। ओमप्रकाश राजभर ने 2013 में हुई यूपीपीसीएस भर्ती परीक्षा में 86 में से 56 यादव एसडीएम होने पर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि आपकी नियुक्तियों में हेरा फेरी वाला फार्मूला पूर्व में काफी हिट रहा है। आप उस फार्मूले को हमें भी बता दें, जिससे पिछड़ी बिरादरी के अन्य जातियों को भी वे एसडीएम बना सकें।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जी अब आप ज्यादातर फ्री होते होंगे क्योंकि आप विपक्ष में हैं। ऐसे में आपको अपने पुराने दिनों को याद करना चाहिए कि कैसे आपने अपने उत्तर प्रदेश लोक सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पद पर एक अयोग्य और हत्या के प्रयास में आरोपी व्यक्ति को बिठाकर 80 से ज्यादा योग्य उम्मीदवारों को छलने का काम किया था। नियुक्तियों में हेरा फेरी कर कैसे आपने 86 में से 56 यादव एसडीएम बना दिया। आपका फार्मूला तो काफी हिट रहा। ऐसे में अगर आप हमें भी वो फार्मूला बता देंगे तो हम भी राजभर, चौहान, निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, कश्यप, प्रजापति, पाल, लोहार, बढ़ई, कहार, धीमर,कुशवाहा, मौर्य, शाक्य, धोबी, सैनी, और सभी बहुजन जातियों के लड़कों को एसडीएम बना सकेंगे।

