जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। यूपी के प्रतापगढ़ में कुंडा से 1993 से लगातार विधायक चुने जा रहे राजा भैया की अगली पीढ़ी ने भी अब राजनीति में पदार्पण कर दिया है। उनके दोनों बेटों शिवराज प्रताप सिंह और बृजराज प्रताप सिंह ने कुछ महीनों पहले पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। शिवराज को कुंडा की जलतर प्यार से बड़े राजा और बृजराज को छोटे राजा कहकर पुकारती है।
शिवराज और बृजराज के साथ युवाओं की टीम चलती है। दोनों बिल्कुल अपने पिता की तरह आम लोगों के बीच पहुंचते हैं। उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में शिवराज और बृजराज ने अपने पिता का प्रचार-प्रसार भी किया था।
शिवराज प्रताप और बृजराज प्रताप सिंह युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। कुंडा में आम लोगों का कहना है कि शिवराज और बृजराज बहुत ही सरल हैं। वो क्षेत्र के तमाम निमंत्रण में जाते हैं चाहे वह अमीर के घर हो या गरीब के। अगर राजा भैया कुंडा से बाहर हैं तो शिवराज बेंती पैलेस में आए लोगों से मिलते हैं। उनकी समस्याओं को सुनते हैं। पूरे धनुआ निवासी पंकज सरोज कहते हैं कि शिवराज प्रताप सिंह क्षेत्र के तमाम बीमार लोगों का इलाज कराने में मदद करते है। जैसे राजा भैया की राजनीति में जाति का कोई स्थान नहीं है, उसी राह पर दोनों बेटे भी चल रहे हैं।

