बिल्सी। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद रक्षा बंधन के पर्व पर चार बहनें अपने इकलौते भाई शिवम की कलाई पर राखी बांधने और उसकी लंबी उम्र की कामना करने की तैयारियां कर रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। रक्षा बंधन से पहले ही एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मोहल्ला नंबर छह, गौशाला रोड स्थित ट्रांसफार्मर के सामने बुधवार को करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय शिवम कश्यप पुत्र जगपाल कश्यप की मौत हो गई।शिवम चार बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया।

