बहजोई, 10 जुलाई, 2026।*
श्री अंकित खण्डेलवाल, जिलाधिकारी, सम्भल के निर्देशन में दिनांक 10 जुलाई, 2026 को श्री सत्यप्रिय सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), सम्भल की अध्यक्षता में गंगा एक्सप्रेसवे के समीप स्थित ग्रामों के सम्बन्धित राजस्व लेखपालों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) द्वारा जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के फलस्वरूप बढ़ रही औद्योगिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के दृष्टिगत संबंधित ग्रामों में उपलब्ध ग्राम समाज एवं अन्य आरक्षित शासकीय भूमि की अद्यतन स्थिति का विस्तृत परीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित राजस्व लेखपालों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों में उपलब्ध ग्राम समाज एवं आरक्षित भूमि का मौके पर जाकर सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही वर्तमान खतौनी का आधार वर्ष की खतौनी से मिलान कर यह परीक्षण किया जाए कि शासकीय भूमि की स्थिति में किसी प्रकार का परिवर्तन तो नहीं हुआ है। यदि किसी प्रकार की विसंगति अथवा अनियमितता परिलक्षित होती है तो उसका स्पष्ट विवरण सहित समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शासकीय भूमि का अभिलेखीय एवं स्थलीय सत्यापन पूर्ण गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे भविष्य में औद्योगिक, आधारभूत संरचना एवं अन्य जनहितकारी परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता का यथार्थ आकलन किया जा सके तथा शासकीय भूमि का प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित हो।
गंगा एक्सप्रेसवे के समीप स्थित ग्रामों में ग्राम समाज एवं आरक्षित भूमि के सत्यापन के निर्देश
Leave a Comment

