यूपी सरकार ने नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उनको लखनऊ स्थित नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (एनआईआरटीएस) के प्रबंध मंडल का सदस्य मनोनीत किया है। नगर विकास अनुभाग-9 की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
नेहा अवस्थी को एक वर्ष की अवधि के लिए प्रबंध मंडल में सदस्य बनाया गया है। इस नियुक्ति को सीतापुर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। एनआईआरटीएस प्रदेश के नगरीय निकायों के प्रशिक्षण, क्षमता विकास, प्रशासनिक दक्षता तथा नगर विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला संस्थान है।
प्रबंध मंडल की सदस्य के रूप में नेहा अवस्थी अब शहरी विकास से संबंधित नीतिगत विषयों पर अपनी भागीदारी निभाएंगी। साथ ही स्थानीय निकायों की समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी मुद्दों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

