देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस पेपर लीक कांड में CBI ने ऐसा खुलासा किया है जिसने पूरे शिक्षा तंत्र को हिला दिया है। जांच एजेंसी ने उस महिला की पहचान कर ली है, जिसे बायोलॉजी प्रश्न पत्र लीक का मुख्य स्रोत माना जा रहा है। पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि वह खुद NTA की ओर से नियुक्त एक्सपर्ट थीं और उन्हें प्रश्न पत्रों तक सीधी पहुंच हासिल थी।
CBI के मुताबिक, मनीषा मंधारे परीक्षा प्रक्रिया का अहम हिस्सा थीं। उन्हें बॉटनी और जूलॉजी विषयों के प्रश्न पत्रों तक विशेष पहुंच मिली हुई थी। आरोप है कि उन्होंने इसी जिम्मेदारी का गलत फायदा उठाकर परीक्षा से पहले चुनिंदा सवाल बाहर पहुंचाए। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने गोपनीय जानकारी को व्यवस्थित तरीके से छात्रों तक पहुंचाने के लिए पूरा नेटवर्क तैयार किया था।

