दादरी, गौतमबुद्धनगर | 12 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य से आज नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा वार्ड संख्या 12 स्थित सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल परिसर में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित एवं अधिशासी अधिकारी श्रीमती शालिनी गुप्ता एवं सभासदगण द्वारा संयुक्त रूप से पौधा रोपित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक श्री संदीप शर्मा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती आशा शर्मा ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस महायज्ञ में एनसीसी (NCC) के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
अध्यक्ष महोदया श्रीमती गीता पंडित ने इस अवसर पर कहा कि, “वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने का एक संकल्प है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होने का अवसर प्रदान करता है।”
अधिशासी अधिकारी श्रीमती शालिनी गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका दादरी द्वारा क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद का समस्त स्टाफ, कर्मचारीगण, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

