संवाददाता वंदना शाहजहांपुर प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर उनके शैक्षिक प्रगति की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘वंडर बॉक्स’, खेल सामग्री एवं कक्षा में बनाए गए विभिन्न लर्निंग कॉर्नर्स का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से यह बताया गया कि बच्चे किस प्रकार सरल, रोचक और गतिविधि-आधारित तरीकों से सीखते हैं। माताओं को यह भी समझाया गया कि वे घर पर खेल-खेल में बच्चों के लिए शैक्षिक माहौल कैसे तैयार कर सकती हैं।इस अवसर पर परी, नमन, सत्यम, प्रज्ञा, कार्तिक कनौजिया एवं आयुष की माताओं ने अपने बच्चों की शैक्षिक प्रगति को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
माताओं ने कार्यक्रम में अपनी सहमति व्यक्त की तथा विद्यालय द्वारा आयोजित इस पहल के लिए आभार प्रकट किया। साथ ही, उन्होंने बच्चों की शिक्षा को आगे बढ़ाने में शिक्षकों का सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को और रोचक बनाने हेतु इंचार्ज प्रधानाध्यापिका द्वारा एक गतिविधि कराई गई, जिसमें ‘म्यूजिक बंद होते ही जिसके हाथ में गेंद होगी, उसे अपनी मातृभाषा में लोकगीत सुनाना होगा।’ इस गतिविधि के माध्यम से माताओं को यह सिखाया गया कि वे घर पर भी इसी प्रकार खेल-खेल में बच्चों को गिनती, आकार, पैटर्न आदि का ज्ञान सहज रूप से दे सकती हैं। इस दौरान माताओं ने भी खुशी-खुशी खेल में भाग लिया और कहा कि उन्हें यह गतिविधि बहुत आनंददायक लगी। उन्होंने यह भी साझा किया कि वे तो प्रतिदिन घर के कार्यों में व्यस्त रहती हैं, लेकिन इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होकर उन्हें नया सीखने और आनंद लेने का अवसर मिला।
यह कार्यक्रम माताओं की सक्रिय भागीदारी, उत्साह और सकारात्मक सहयोग के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।”
मदर ओरियंटेशन प्रोग्राम का किया गया आयोजन
Leave a Comment

