सम्भल (बहजोई), 7 जुलाई 2026
कलक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद सम्भल के प्रभारी मंत्री श्री जे.पी.एस. राठौर की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गयी।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश के अग्रणी राज्यों में स्थान बनाया है। प्रदेश आज अधिशेष (सरप्लस) बजट वाला राज्य है तथा जीडीपी और आर्थिक विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग, ओडीआर, एमडीआर तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से प्रदेश में सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में व्यवस्थागत परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे सम्भल जनपद के लिए वरदान साबित होगा। इससे दिल्ली, लखनऊ एवं प्रयागराज से बेहतर संपर्क स्थापित हुआ है तथा प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जनपद आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होगा।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जिला पंचायत के नवीन भवन का उल्लेख करते हुए इसे समयबद्ध कार्य निष्पादन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। साथ ही कहा कि जिला सूचना कार्यालय के पुनरुद्धार की तरह अन्य विभाग भी अपने कार्यालयों को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाएं, जिससे बेहतर कार्य संस्कृति विकसित हो और अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण ऊर्जा के साथ कार्य कर सकें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को फॉगिंग, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में उन्होंने मानसून को देखते हुए सभी सड़कों को गड्ढामुक्त रखने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग से विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा बेसिक शिक्षा विभाग से स्कूल चलो अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी प्रीति यादव ने बताया कि जनपद में 22.25 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित है तथा वन विभाग की नर्सरियों में लक्ष्य से अधिक पौधे उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को जनपद में वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस पर प्रभारी मंत्री ने गंगा तट पर सघन वृक्षारोपण, अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा फलदार एवं छायादार पौधों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कपि वन की स्थापना के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में वर्धमार नदी पुनर्जीवन अभियान सकारात्मक परिणाम दे रहा है। साथ ही “एक जनपद–पांच नदियां” परियोजना पर कार्य किया जा रहा है तथा 670 ग्राम पंचायतों में 670 तालाबों के निर्माण एवं पुनर्जीवन की योजना पर भी हम आगे बढ रहे हैं ताकि इसके माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह, जिला विकास अधिकारी रामआशीष, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) अखिलेश कुमार चौबे, समस्त उपजिलाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

