संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से अथर्व कल्चरल सोसाइटी द्वारा गांधी भवन प्रेक्षागृह में नाटक ‘दरोगा छोटे शुक्ला’ का सफल मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ साहित्यकार एवं रंगकर्मी नवनीत मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
नाटक की कहानी छोटे शुक्ला नामक एक युवा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दरोगा बनने का सपना लेकर भर्ती प्रक्रिया में संघर्ष करता है। अपनी मेहनत और लगन के बावजूद वह व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और तंत्र की जटिलताओं के सामने असहाय नजर आता है। अंततः वह अपने दरोगा बनने के सपने को साकार नहीं कर पाता। नाटक ने समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
नाटक का निर्देशन योगेश पांडे द्वारा किया गया, जिसकी दर्शकों एवं समीक्षकों ने जमकर सराहना की। प्रस्तुति की सशक्त पटकथा, संवाद और कलाकारों के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
मंचन के दौरान नैना गुप्ता, शालू, प्रियंका, ऋषिकांत, विक्की, करण, विशाल, कपिल, राजा, विनोद और अंकित सहित अन्य कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और समाज को एक सार्थक संदेश भी दिया।
समीक्षकों ने नाटक की प्रस्तुति को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि यह नाटक वर्तमान व्यवस्था की वास्तविकताओं को उजागर करता है तथा युवाओं के संघर्ष को संवेदनशीलता के साथ सामने लाता है। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों और निर्देशक को दर्शकों की ओर से भरपूर सराहना मिली।

