उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अवैध रूप से संचालित स्विमिंग पूल में 18 वर्षीय युवक की पानी में डुबोकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पीपली रहमापुर मिलक निवासी सोहिल के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते सोहिल को करीब दो मिनट तक पानी के अंदर दबाए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सोहिल स्विमिंग पूल में नहाने गया था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो किसी को शक नहीं हुआ। इसी दौरान पूल में नहाने कूदे एक अन्य युवक के पैर में सोहिल का शव फंस गया। युवक ने तुरंत इसकी जानकारी स्विमिंग पूल संचालक सालिम को दी। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया और परिजनों को सूचना दी गई।

