सीएमआईएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने एवं लंबित कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
सम्भल (बहजोई), 04 अगस्त 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह ने विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल पर निर्माण कार्यों की फीडिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाना है, उनकी फीडिंग तत्काल पूर्ण कराई जाए। समीक्षा के दौरान यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, सम्भल नगर के निर्माण कार्य तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी समीक्षा बैठक में प्रत्येक परियोजना की स्वीकृति, टेंडर की स्थिति, कार्य में आ रही बाधाओं तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय, भरतरा (बहजोई) स्पोर्ट्स स्टेडियम की समीक्षा की जिलाधिकारी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यूपीपीसीएल द्वारा निर्माण किये जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज (मिनी स्टेडियम), राजपुर (सम्भल), जूनियर हाईस्कूल कैलादेवी के हाईस्कूल में उच्चीकरण, ग्राम पंचायत आनंदपुर में ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम, कलेक्ट्रेट अनावासीय भवन, नमामि गंगे यूनिट, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की बहजोई जलापूर्ति योजना तथा चंदौसी एवं सम्भल के पायलट प्रोजेक्ट सहित अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक में सभी कार्यदायी संस्थाएं परियोजनाओं का PERT चार्ट प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की समयबद्ध समीक्षा की जा सके। इसके अतिरिक्त सेतु निगम द्वारा सेतु संख्या-36बी पर चंदौसी में निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु तथा मंडी परिषद के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में होमगार्ड्स विभाग के जिला कार्यालय (बहजोई), निर्माणाधीन पुलिस लाइन, बहजोई में 100 शैय्या चिकित्सालय, प्लेज पार्क, चंदौसी तहसील में निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मुरादाबाद-गवां-बुलंदशहर मार्ग एवं बिलारी-जरगांव-चंदौसी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, खिरनी तिराहा के अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधार कार्य, मध्य गंगा नहर परियोजना (द्वितीय चरण) तथा एआरटीओ कार्यालय निर्माण सहित विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं, उन्हें सितंबर से नवंबर के मध्य हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली, भूमि अथवा अन्य किसी कारण से यदि कोई कार्य लंबित है तो उसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके। बिना उचित कारण कोई भी निर्माण कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि परियोजनाओं के हैंडओवर तथा हैंडओवर से पूर्व की समस्त औपचारिकताओं का विवरण जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील प्रकाश, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग राजीव कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

