संवाददाता शक्ति कुमार शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में बुधवार सुबह मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। ओपीडी, वार्ड और रसोईघर की व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
सुबह करीब 8:15 बजे अस्पताल पहुंचे सीडीओ ने सबसे पहले मरीज पंजीकरण काउंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की लंबी कतारें लगी मिलीं, जबकि कई कर्मचारी निर्धारित समय तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इस पर उन्होंने समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ओपीडी निरीक्षण के दौरान कई विशेषज्ञ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों द्वारा डॉक्टरों के वार्ड राउंड पर होने की जानकारी दी गई, लेकिन जब सीडीओ ने वार्डों का निरीक्षण किया तो भर्ती मरीजों ने बताया कि डॉक्टर अभी तक वहां भी नहीं पहुंचे थे। इस पर सीडीओ ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान भ्रामक जानकारी देना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है।
महिला वार्ड में भी व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। मरीज डॉक्टरों के इंतजार में बैठे थे, जबकि सुबह 8:30 बजे तक भर्ती मरीजों को नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया गया था। वार्डों में सफाई व्यवस्था भी अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की रसोई में भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हुए। जांच में दूध में अत्यधिक पानी की मिलावट मिलने की बात सामने आई। वहीं मरीजों के लिए तैयार किए गए दलिये में भी दूध के स्थान पर केवल पानी इस्तेमाल किए जाने की शिकायत मिली। रसोईघर की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी।
लगातार निरीक्षणों के बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार न होने पर सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने अनुपस्थित चिकित्सकों एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर, वार्डों और रसोईघर की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
ओपीडी, वार्ड और रसोई में मिलीं खामियां; अनुपस्थित चिकित्सकों व सीएमएस का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश
सीडीओ के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल, अनुपस्थित डॉक्टरों पर कार्रवाई
Leave a Comment

