संभल के विकासखंड बहजोई में क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डिंपल यादव ने की, जबकि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ओमवीर सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्राम पंचायतों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया गया।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे। बीडीओ ओमवीर सिंह ने सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख डिंपल यादव ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

