बिसौली। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में जायंट्स ग्रुप ऑफ बिसौली स्टार्स द्वारा डॉ. गुंजन वार्ष्णेय को उनकी उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ चिकित्सा सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्रुप के पदाधिकारियों ने डॉ. गुंजन वार्ष्णेय के क्लिनिक पर पहुंचकर उन्हें सम्मान पत्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। डॉ. गुंजन वार्ष्णेय ने क्षेत्र में मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में जो अनुकरणीय योगदान दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। सम्मान से अभिभूत होकर डॉ. गुंजन वार्ष्णेय ने ग्रुप का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा तथा सेवा भाव से समाज के प्रति कार्य करने की ऊर्जा प्रदान करता है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में संस्था के यूनिट डायरेक्टर अनुपम वार्ष्णेय, अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, सचिव शशांक भिल्ला, कोषाध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहे।

