कानपुर में फ्री की आइसक्रीम विवाद के बाद अब फ्री रजनीगंधा को लेकर नया मामला सामने आया है। महाराजपुर क्षेत्र के एक दुकानदार ने आरोप लगाया है कि मुफ्त रजनीगंधा देने से इनकार करने पर चौकी इंचार्ज और एक कॉन्स्टेबल ने उसके साथ गाली-गलौज की और दुकान हटवाने की धमकी दी।
मामला बढ़ने पर 100 से अधिक व्यापारी महाराजपुर थाने पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है, जिसमें कथित तौर पर पूरी बातचीत रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। व्यापार मंडल का कहना है कि इलाके के कई दुकानदार पुलिसकर्मियों के व्यवहार से परेशान हैं।
हालांकि चौकी प्रभारी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह चोरों को पकड़कर ले जा रहे थे और पानी की बोतल लेने को लेकर केवल मामूली कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
गौरतलब है कि इससे पहले घाटमपुर में एक कॉन्स्टेबल पर फ्री में आइसक्रीम खाने और दुकानदार को धमकाने के आरोप सही पाए जाने पर उसे सस्पेंड किया जा चुका है।

