उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित कोंडली बांगर गांव की रहने वाली दीपा भाटी ने 40 साल की उम्र में UPPCS परीक्षा पास कर 166वीं रैंक हासिल की है। शादी के 18 साल बाद और तीन बच्चों की परवरिश करते हुए उन्होंने PCS अफसर बनने का मुकाम हासिल किया है।
दीपा की शादी कम उम्र में हो गई थी, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई थी। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से पूरी की, केमिस्ट्री में ग्रेजुएशन किया और इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की। पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कुछ समय एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका के तौर पर भी नौकरी की।
नौकरी छोड़ने के बाद, अपने भाई की सलाह पर दीपा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। घर के कामकाज और बच्चों की देखभाल के साथ-साथ पढ़ाई के लिए समय निकालते हुए, उन्होंने साल 2021 में यह कठिन परीक्षा सफलतापूर्वक क्रैक की। जब उन्होंने यह सफलता हासिल की, उस समय उनकी सबसे बड़ी बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी।

