उन्नाव जिला कारागार के जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनकी बेटी को मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) सीट दिलाने का झांसा देकर उनसे 50 लाख रुपये ऐंठ लिए।
मामले के मुताबिक, जेल अधीक्षक ने इंटरनेट प्लेटफॉर्म ‘जस्ट डायल’ के जरिए लखनऊ स्थित ‘स्टडी पाथवे कंसल्टेंसी’ से संपर्क किया था। वहां अभिनव शर्मा नामक व्यक्ति ने उन्हें ‘हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ में मैनेजमेंट कोटे के तहत दाखिला दिलाने का भरोसा दिलाया। बातों में आकर उन्होंने जुलाई से अक्टूबर के बीच बैंक ड्राफ्ट और आरटीजीएस (RTGS) के जरिए किस्तों में कुल 50 लाख रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
रकम मिलने के बाद आरोपियों ने अपने फोन बंद कर लिए। जब पीड़ित उनके लखनऊ स्थित ऑफिस पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। ठगी का अहसास होने पर जेल अधीक्षक ने सदर कोतवाली में अभिनव शर्मा, संतोष कुमार और जस्ट डायल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

