बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच तथा प्रवेश पत्र और आधार कार्ड से फोटो का मिलान करने के उपरांत ही केन्द्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान आंतरिक सचल दल व स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की सुचिता परखते रहे। केंद्र पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र में 67 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 66 उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल-रहित संपन्न कराने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पूर्ति निरीक्षक बदायूं, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी आदि उपस्थित रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत केंद्र पर भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात रहा।

