अनुपूरक बजट में यूपी सरकार 7.50 लाख से अधिक कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार आंगनबाड़ी वर्कर, आशा, ग्राम चौकीदारों और रसोइयों के सम्मानजनक मानदेय की व्यवस्था अनुपूरक बजट के जरिए करेगी। सरकार मंगलवार को विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेगी।
प्रदेश में करीब 1.80 लाख आंगनबाड़ी वर्कर, 1.60 लाख से अधिक आशा, 60 हजार के करीब ग्राम चौकीदार और 3.53 लाख रसोइए काम करते हैं। सोमवार को मॉनसून सत्र के पहले दिन विधानसभा की कार्रवाई शुरू होने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम ने मानदेय बढ़ोतरी के संकेत दिए। सीएम ने यह भी कहा कि अगले एक से डेढ़ हफ्ते में आउटसोर्स सेवा निगम भी अपना कामकाज शुरू कर देगा, जिसके जरिए आउटसोर्स कर्मियों का न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम ने कहा कि यह महीना किसानों की खेती, युवाओं के प्रवेश और आस्थावानों के लिए कांवड़ यात्रा की दृष्टि से भी अहम है। उन्होंने सभी को इसकी शुभकामनाएं भी दीं।

