बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से कथित तौर पर ठगी करने और सरकारी अधिकारी के तौर रौब दिखाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार निवासी मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी निजी गाड़ियों पर ‘भारत सरकार’ और आईएएस से जुड़े बोर्ड लगाकर लोगों के बीच दबदबा कायम करता था।
खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष गुप्ता लंबे समय से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर गोगरी थाना क्षेत्र के अलावा बिहार के अन्य जिलों में भी लोगों को भ्रमित कर कथित रूप से ठगी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन कर उसके घर पर छापेमारी की गई।

