मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं को आम लोगों से गहराई से जुड़ने, उनसे सुसंबंध बनाने की अनोखी तरकीब बताई है। बीजेपी के बूथ अध्यक्षों को सम्मेलन में उन्होंने कहा कि हर दिन पांच घरों में जाइए। जिस घर में जाएं, वहां रहने वाले लोगों से नीम की दातून मांगिए, उसे करिए और फिर उनके साथ चाय पीजिए, बात कीजिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में असली लड़ाई बूथों पर ही होगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में होने की संभावना है। यानी चुनाव में करीब 7-8 महीने बाकी हैं। इससे पहले बीजेपी इस बड़े सियासी समर की तैयारी में जोरशोर से जुटी है। बीजेपी की रणनीति सबसे निचले बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की है। वह चाहती है कि पार्टी का जनाधार शहरों, कस्बों और गांवों के हर मोहल्ले में मजबूत बने। इसी उद्देश्य से वह बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत तय करने के मंत्र दे रही है।

