उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रशासनिक अधिकारियों का दखल खूब दिखता है। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव प्रशासनिक से लेकर पुलिस अधिकारी तक राजनीतिक मैदान में हाथ आजमाते दिखते हैं। पिछले दिनों बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की राजनीतिक रूप सामने आया। अब आजमगढ़ में तैनात एसडीएम आंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित जुलूस का नेतृत्व करते दिखे हैं। एसडीएम को भीम आर्मी का करीबी माना जाता है। ऐसे में उनके साथ चलने वाले लोग जय भीम के नारे के साथ-साथ एसडीएम के पक्ष में भी नारा लगाते दिखे।
राजकुमार बैठा आजमगढ़ जिले के लालगंज में एसडीएम के पद पर तैनात हैं। उनकी चर्चा इस समय एक वायरल वीडियो को लेकर हो रही है। वायरल वीडियो में एसडीएम राजकुमार बैठा आंबेडकर जयंती के मौके पर निकाले गए जुलूस का नेतृत्व करते दिखाई दे रहे हैं। क्राइस्ट इंटर कॉलेज, मेहनाजपुर बाजार से इटैली बाजार तक बाबासाहेब की भव्य झांकी निकाली गई थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है।

