गुन्नौर/संभल। गुन्नौर ब्लॉक के ग्राम सिरौरा काजी में वर्ष 2024-25 में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मॉडल शॉप (राशन की दुकान) का निर्माण कराया गया था। 21 अप्रैल को ग्राम पंचायत द्वारा यह मॉडल शॉप विधिवत रूप से राशन कोटेदार रेखा को हस्तांतरित भी कर दी गई। इसके बावजूद जमीनी हकीकत चौंकाने वाली है।
आरोप है कि मॉडल शॉप का उपयोग राशन वितरण के लिए नहीं किया जा रहा, बल्कि राशन अब भी कोटेदार के घर से ही बांटा जा रहा है। इससे भी गंभीर बात यह है कि मॉडल शॉप परिसर में उपले पाथे जा रहे हैं, जिससे सरकारी धन से बने भवन की मंशा और उपयोगिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मॉडल शॉप बनने का उद्देश्य साफ-सुथरे, पारदर्शी और सुगम तरीके से राशन वितरण करना था, लेकिन नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। भवन होने के बावजूद राशन घर से बांटने से लाभार्थियों को असुविधा होती है और व्यवस्था पर भरोसा भी कमजोर पड़ता है।
मामला उजागर होने के बाद ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि मॉडल शॉप का तत्काल संचालन सुनिश्चित कराया जाए, नियम विरुद्ध गतिविधियों पर रोक लगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही मायनों में जनता तक पहुंचे।
लाखों की लागत से तैयार मॉडल शॉप में पाथे जा रहे उपले, राशन अब भी कोटेदार के घर से बंट रहा
Leave a Comment

