उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद स्थित फास्ट ट्रैक कोर्ट ने एकतरफा प्यार में डेढ़ साल के मासूम की हत्या करने वाले आरोपी को महज 40 दिन के भीतर फांसी की सजा सुनाई है।
घटना 30 मई 2026 की है। शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में विराज पाठक नामक व्यक्ति ने अपनी रिश्ते की भाभी के बेटे आरव को जमीन पर पटक-पटक कर मार डाला था। विराज बच्चे की मां से शादी करना चाहता था और मासूम को अपने इस रिश्ते में बाधा मानता था। यह पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
पुलिस ने घटना के 5 घंटे के भीतर ही आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और 13 प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर सिर्फ एक सप्ताह में चार्जशीट दाखिल की। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की तेजी से सुनवाई हुई, जिसके बाद जिला जज ने आरोपी विराज को दोषी मानते हुए मृत्युदंड का ऐतिहासिक फैसला सुनाया है।

