सम्भल (बहजोई), 22 मई 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन के अन्तर्गत स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संभावित बाढ़ एवं लू से बचाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
गंगा तटबंधों एवं बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ अच्युत कुमार यादव द्वारा जानकारी दी गई कि जनपद में गंगा नदी के बाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा हेतु नगला अजमेरी तटबंध, ईशमपुर तटबंध एवं हरिबाबा तटबंध निर्मित हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की गुन्नौर तहसील क्षेत्र मुख्य रूप से गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित होता है।
बैठक में बाढ़ से निपटने हेतु संस्थागत व्यवस्थाओं, बाढ़ शरणालयों एवं प्रबंधन दलों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही बाढ़ चौकियों, नावों की उपलब्धता, गोताखोरों की तैनाती तथा महत्वपूर्ण फोन नंबरों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ईशमपुर तटबंध एवं राहत संसाधनों की समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पिछले 10 वर्षों में ईशमपुर तटबंध की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग से बाढ़ की तैयारियों के अंतर्गत बल्लियों एवं रेत से भरी बोरियों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई।
इसके अतिरिक्त पुलिस एवं पीएसी के सहयोग, स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों, विद्युत विभाग तथा पशुपालन विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इमरजेंसी कम्यूनिकेशन प्लान पूर्व से तैयार रखा जाए, जिससे आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
लू एवं गर्म हवाओं से बचाव के लिए दिए गए निर्देश
बैठक में वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए लू एवं गर्म हवाओं से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकास चन्द्र, डिप्टी कलक्टर रामानुज तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग राजीव कुमार तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलेन्द्र सिंह तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

