सम्भल (बहजोई), 14 जुलाई 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जीरो पॉवर्टी अभियान के संबंध में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह ने एजेंडा बिंदुओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदनों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आपदा प्रभावित एवं पात्र परिवारों को आवास योजनाओं में प्राथमिकता प्रदान की जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक विकासखंड से इस आशय का प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए कि जीरो पॉवर्टी श्रेणी में कोई भी पात्र शेष नहीं है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने जीरो पॉवर्टी अभियान के उद्देश्यों एवं इसकी कार्ययोजना की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग से लंबित राशन कार्ड आवेदनों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों का शीघ्र कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि विभाग की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, समाज कल्याण विभाग की विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं, श्रम विभाग के लंबित आवेदनों, कौशल विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, परियोजना निदेशक, डीआरडीए अखिलेश कुमार चौबे, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न, पात्र परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश
Leave a Comment

