शनिवार दोपहर पटना पुलिस की एक टीम बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर पहुंची। इससे कुछ ही घंटे पहले राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि सरकार चाहे तो फोर्स बुला ले, लेकिन वह यह बंगला खाली नहीं करेंगी।
पुलिस की ओर से सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी ने आवास के अंदर जाकर पूर्व सीएम राबड़ी देवी से मुलाकात और बातचीत की। हालांकि, दोनों के बीच किस मुद्दे पर चर्चा हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
राज्य सरकार ने बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड पर नया सरकारी आवास आवंटित किया है। उन्हें 10 सर्कुलर रोड का मौजूदा बंगला खाली करने के लिए सरकार की तरफ से कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है। बता दें कि इस बंगले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार पिछले दो दशकों से रह रहा है। पुलिस के वहां पहुंचने के बाद इस मामले में सरगर्मी तेज हो गई है।

